केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (9 जनवरी 2026) को लखनऊ के सरोजिनी नगर में अशोक लेलैंड की स्मार्ट इलेक्ट्रिक बस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया। यह प्लांट पुरानी स्कूटर इंडिया फैक्ट्री की 70 एकड़ जमीन पर मात्र 16 महीनों में तैयार हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “बीते 5 साल में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ा है। अब यूपी रेवेन्यू सरप्लस वाला राज्य बन गया है।” उन्होंने जोड़ा कि योगी सरकार की इंडस्ट्रियल पॉलिसी के चलते ही महज 2 वर्षों में यह प्रोजेक्ट फाइलों से जमीन पर उतरा, जो आम जनता को सुविधा देगा और रोजगार सृजन करेगा।
लखनऊ में इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन हेतु अशोक लेलैंड के नवीन विनिर्माण संयंत्र के उद्घाटन कार्यक्रम में… https://t.co/fFtM9GaKR3
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 9, 2026
हिंदूजा ग्रुप के एस के चढ्ढा ने बताया कि आमतौर पर ऐसे प्लांट बनाने में 38-40 महीने लगते हैं, लेकिन इसे 16 महीनों में पूरा करने का श्रेय सीएम योगी की सरकार की सहायता और दृढ़ निश्चय को जाता है। उन्होंने कहा, “लगभग 2 साल पहले हमने उत्तर प्रदेश में इस प्लांट का सपना देखा था और अब वह सच हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों का ही सबसे बड़ा योगदान रहा है।”
चढ्ढा ने आगे कहा कि पहले गुंडाराज के कारण यहाँ प्लांट लगाने में डर लगता था, लेकिन योगी सरकार के आने के बाद सुरक्षा और विकास देखकर निर्णय लिया गया। प्लांट में पहले चरण में 2500 बसें बनेंगी, बाद में 5000 और फिर 10000 तक। महिलाओं के लिए ‘नालंदा’ स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी बनाया गया है।
कंपनी ने 1000 करोड़ रुपये निवेश की योजना बनाई है, जिससे करीब 10,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। प्लांट हेड शक्ति सिंह यादव ने ‘निवेश मित्र’ पोर्टल की तारीफ की, जिससे सभी मंजूरियाँ ऑनलाइन आसानी से मिलीं।
यह प्लांट ईवी के साथ अल्टरनेटिव फ्यूल और हाइड्रोजन आधारित वाहन भी बनाएगा। टाटा मोटर्स के बाद अशोक लेलैंड की एंट्री से यूपी ईवी ट्रांसपोर्टेशन का हब बन रहा है।

