‘कॉन्ग्रेस काल में जहाँ सड़कें कीचड़ में डूबी रहती थीं, वहाँ उतरेंगे लड़ाकू विमान’: PM मोदी 14 फरवरी को करेंगे ELF का उद्घाटन, CM हिमंता बोले- अब बदलाव का दौर

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपर असम के विकास और सुरक्षा को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि डिब्रूगढ़ के मोरन में बनकर तैयार हुई अत्याधुनिक इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 14 फरवरी 2026 के असम दौरे के दौरान करेंगे।

मुख्यमंत्री ने इसे क्षेत्र में ‘विश्वास और बदलाव‘ का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह सुविधा राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक तैयारी को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगी। गुरुवार (12 फरवरी) को मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली कॉन्ग्रेस सरकारों पर कड़ा प्रहार किया।

सीएम हिमंता ने आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि ‘कॉन्ग्रेस के शासन में इस क्षेत्र की हालत दयनीय थी। सड़कों पर महीनों तक कीचड़ और पानी भरा रहता था और बुनियादी सुविधाओं का नामोनिशान नहीं था।’

सीएम हिमंता ने गर्व से कहा कि आज वही जमीन भाजपा सरकार की नीतियों के कारण अत्याधुनिक रक्षा ढाँचे में बदल चुकी है, जहाँ भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान आपात स्थिति में सुरक्षित लैंडिंग कर सकेंगे।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकसित यह ELF पूर्वी क्षेत्र में भारत की वायु रक्षा क्षमता को मजबूत करेगी। सीएम हिमंता ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा पूर्वोत्तर के विकास और सुरक्षा के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।