पहलगाम आतंकी हमले का ऑनलाइन समर्थन करने वाले बहारुल इस्लाम को पकड़ने पहुँची पुलिस, भीड़ ने किया हमला: आतंकी समर्थक को छुड़ा ले गई, असम की घटना

असम में इस्लामी भीड़ अब पुलिस पर हमला करने लगे हैं। राज्य के लखीमपुर के एक गाँव में भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया।

शनिवार (27 दिसंबर 2025) को बोंगलामोरा गाँव में पुलिस की एक टीम उस समय सोशल मीडिया पर पहलगाम आतंकी हमले का समर्थन करने वाले बहारुल इस्लाम को गिरफ्तार कर वापस लौट रही थी। तभी भीड़ ने पुलिस को न सिर्फ पीटा, बल्कि आतंकी समर्थक इस्लाम को छुड़ा कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को बांग्लादेशी मूल के 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, बहारुल इस्लाम फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए पहलगाम आतंकी हमले के समर्थन में पोस्ट साझा कर रहा था। इस संबंध में उसके खिलाफ पहले ही मामला दर्ज था और वह फरार चल रहा था। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे सोनापुर इलाके से हिरासत में लिया।

इसी दौरान अताबुर रहमान के नेतृत्व में इस्लामी भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और अचानक हमला कर दिया। हमले में सब-इंस्पेक्टर गोकुल जयश्री और पुलिस की गाड़ी के ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमलावर बहारुल को जबरन छुड़ा कर फरार हो गए।

लखीमपुर पुलिस ने बताया कि यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बांग्लादेशी मूल के 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके नाम अफजुद्दीन, इकरामुल हुसैन, फखरुद्दीन अहमद, नूर हुसैन, गुलजार हुसैन, नजरुल हक, काजीमुद्दीन, मो अब्दुल हमीद, बिलाल हुसैन और अताबुर रहमान हैं। इनमें कई का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। बहारुल इस्लाम की तलाश जारी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।