बालासोर ट्रेन हादसे को लेकर राज्यसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। DMK सांसद कलानिधि वीरस्वामी द्वारा लोको पायलट की भूमिका पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने बेहद सख्त लहजे में स्पष्ट किया कि रेलवे ने कभी भी इस हादसे के लिए लोको पायलट को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
अश्विनी वैष्णव ने जोर देकर कहा कि किसी भी आधिकारिक जाँच रिपोर्ट में ऐसा कोई उल्लेख नहीं है। सदन में बोलते हुए रेल मंत्री ने तीखा प्रहार किया और कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना और भ्रामक बयानबाजी करना स्वीकार्य नहीं है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा, “मैं नाम नहीं लेना चाहता, वरना साथी कहेंगे कि इसमें साम्प्रदायिक एंगल है।” मंत्री का यह इशारा सीधे तौर पर विपक्ष की राजनीति की ओर था। अश्विनी वैष्णव ने रेखांकित किया कि बालासोर हादसे की जाँच तकनीकी विशेषज्ञों, रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) और CBI जैसी बड़ी एजेंसियों ने की है।
इन सभी ने विस्तृत जाँच के बाद ही चार्जशीट दाखिल की है और किसी ने भी पायलट को दोषी नहीं माना। उन्होंने विपक्ष को याद दिलाया कि 300 लोगों की जान लेने वाला यह हादसा बेहद गंभीर विषय है, इसलिए इस पर तथ्यों के साथ जिम्मेदारी से बात होनी चाहिए।

