बांग्लादेश में इस्लामी कट्टरपंथियों ने जिंदा जलाई 7 साल की मासूम, BNP नेता के घर को लॉक करके फूँका: पूरा परिवार अस्पताल में, बच्ची की मौत

बांग्लादेश के लक्ष्मीपुर जिले में शुक्रवार (19 दिसंबर 2025) देर रात एक बेहद दर्दनाक घटना हुई। लक्ष्मीपुर सदर उपजिला के चर मानस गाँव में अज्ञात लोगों ने एक घर में आग लगा दी। इस हादसे में सात साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस के मुताबिक यह घर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के स्थानीय नेता बेलाल हुसैन का था। हमलावरों ने पहले घर का दरवाजा बाहर से बंद किया, फिर चारों तरफ पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उस वक्त बेलाल हुसैन, उनकी बीवी और बच्चे घर के अंदर सो रहे थे।

आग बहुत तेजी से फैली और बेलाल की सात साल की बेटी आयशा अक्टर की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर गाँव के लोग पहुँचे और किसी तरह आग बुझाई। बेलाल हुसैन और उनकी दो बेटियों बीथि अक्टर और स्मृति अक्टर को गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया गया।

दोनों बच्चियों की हालत नाजुक होने पर उन्हें ढाका मेडिकल कॉलेज के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जाँच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।