‘द बंगाल फाइल्स’ को रोकने होटल में घुसी कोलकाता पुलिस: विवेक अग्निहोत्री, डायरेक्ट एक्शन डे की बरसी पर आया फिल्म का रूह कँपाने वाला ट्रेलर

बंगाल में हुए हिंदुओं के नरसंहारों पर आ रही ‘द बंगाल फाइल्स’ का ट्रेलर शनिवार (16 अगस्त 2025) को रिलीज होने के वक्त कोलकाता में बवाल देखने को मिला। फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री का आरोप है कि राजनैतिक दबाव के चलते पुलिस को भेजकर फिल्म के ट्रेलर की रिलीज रुकवाने का प्रयास हुआ। उन्होंने इसे तानाशाही और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया है।

उन्होंने कहा, “फिल्म जनसांख्यिकी परिवर्तन की बात करती है, इसलिए वे इसे लोगों को दिखाना नहीं चाहते क्योंकि राज्य में जनसांख्यिकी परिवर्तन हो रहा है।”

वहीं अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने कहा, “ऐसा तो कश्मीर में भी नहीं हुआ। क्या हम यह मान सकते हैं कि कश्मीर के हालात बंगाल से बेहतर हैं… मैं चाहती हूँ कि भारत का हर व्यक्ति बंगाल की सच्चाई जानने के लिए यह फिल्म देखे। कलाकारों को सम्मान देना राज्य की ज़िम्मेदारी है…।”

गौरतलब है कि द बंगाल फाइल्स की कहानी 1946 में हुए डायरेक्ट एक्शन डे, कलकत्ता दंगे और नोआखाली नरसंहार पर आधारित है। विवेक अग्रिहोत्री ने इसे यूट्यूब पर रिलीज कर दिया है। लोग इसे देख उनके प्रयास की सराहना कर रहे हैं।