4 सितंबर को NDA ने बुलाया बिहार बंद, कॉन्ग्रेस-RJD के मंच से PM मोदी को दी थी माँ की गाली: प्रधानमंत्री बोले- इसकी कल्पना भी नहीं की थी

बिहार में एनडीए ने कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी माँ हीराबेन मोदी पर की गई अपमानजनक टिप्पणियों के खिलाफ 4 सितंबर को पाँच घंटे का बंद बुलाया है। ये बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा।

एनडीए के सभी सहयोगियों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। दरभंगा में राहुल गाँधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कुछ कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंच से पीएम और उनकी माँ के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसका वीडियो वायरल हो गया, जिसमें राहुल गाँधी, प्रियंका गाँधी और तेजस्वी यादव के पोस्टर दिखे।

बीजेपी ने पटना के कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर कॉन्ग्रेस से माफी की माँग की थी। वहीं, बिहार पुलिस ने आरोपित मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

बिहार बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाएँ चालू रहेंगी। एनडीए का कहना है कि ये विरोध लोकतंत्र की गरिमा बचाने के लिए है।

इस मुद्दे पर पीएम मोदी की भी प्रतिक्रिया आई। उन्होंने कहा कि मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मेरी माँ को गाली दी जाएगी। इस बात की जितनी पीड़ा मुझे है, उससे कहीं ज्यादा बिहार की जनता में है।