उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय दलित बच्ची से दुष्कर्म के आरोपित फरमान अली के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सोमवार (8 जून 2026) को जिला प्रशासन ने देर रात बुलडोजर चलाकर उसके अवैध मकान को जमींदोज कर दिया।
घटना के बाद से फरमान अली फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, बच्ची गाँव में अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपित उसे बहला-फुसलाकर खेत की ओर ले गया। वहाँ फरमान ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता किसी तरह घर पहुँची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जब उसके घर पहुँची तो वह वहाँ नहीं मिला। पुलिस ने परिवार को उसे पेश करने के लिए समय दिया, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी आरोपित सामने नहीं आया।
इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने उसके मकान की जाँच की, जिसमें निर्माण का कुछ हिस्सा अवैध पाया गया। प्रशासन ने देर शाम जेसीबी की मदद से अवैध कमरे और बाथरूम को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।

