Sunday, July 13, 2025

जिस महिला से की लव मैरिज, वह घर की छत पर दूसरे युवक के साथ लड़ा रही थी इश्क: पकड़े जाने पर पति को पिटवाया, मेरठ जैसा कांड करने की दी धमकी

गुरुग्राम के बसई एनक्लेव में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया जब पति ने पत्नी को उसके आशिक के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। विरोध करने पर आशिक ने पति पर बंदूक तान दी और मेरठ के सौरभ हत्याकांड जैसा हाल करने की धमकी भी दी। पीड़ित पति ने पुलिस से शिकायत दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक, 7 अप्रैल 2025 सुबह छह बजे मौसम नाइट ड्यूटी कर वापस लौटा। पत्नी को घर से गायब देखा तो छत पर ढूँढने गया। वहाँ, पत्नी और उसका आशिक नवीन हाथ में हाथ डालकर खड़े थे। मौसम ने दोनों को टोका तो नवीन ने हाथापाई शुरु कर दी। फिर कमर से देसी कट्टा निकालकर उसके बट से मौसम पर हमला किया। आवाज़ सुनकर पड़ोसी छत पर भागे। इतने में ही नवीन और महिला दोनों गायब हो गए।

रिपोर्ट्स के अनुसार, हरियाणा के झज्जर जिला निवासी मौसम गुरुग्राम में कैब ड्राइवर की नौकरी करते हैं। उनकी दो साल पहले पंजाब के मोगा की रहने वाली महिला से लव मैरिज की थी। घरवाले इस शादी के खिलाफ थे, इसीलिए दोनों गुरुग्राम में रहते हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जाँच जारी है।