लखीमपुर में बंगाली हिंदुओं के गाँव मियाँपुर का नाम बदला, अब ‘रविंद्र नगर’ से जाना जाएगा: CM योगी ने कहा- कॉन्ग्रेस ने पहचान छिपाई, अब सांस्कृतिक विरासत दिखेगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी जिले के मियांपुर गाँव का नाम बदलकर ‘रविंद्र नगर’ करने की घोषणा की है। यह फैसला नोबेल पुरस्कार विजेता रवीन्द्रनाथ टैगोर के सम्मान में लिया गया है। शनिवार (11 अप्रैल 2026) को आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में यह ऐलान किया गया, जहाँ विस्थापित बंगाली हिंदू परिवारों को भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कॉन्ग्रेस ने इस गाँव का नाम मियांपुर रखकर उसकी वास्तविक पहचान छिपाने की कोशिश की थी, जबकि वहाँ एक भी ‘मियां’ नहीं रहता था। उन्होंने कहा, “यहाँ एक भी ‘मियां’ नहीं है, फिर भी इसका नाम मियांपुर रखा गया। अब यह बदलेगा। अब गाँव का नया नाम उसकी सांस्कृतिक विरासत और पहचान को दर्शाएगा।”

बंगाली हिंदू शरणार्थियों को मिला अधिकार

यह गाँव उन बंगाली हिंदू परिवारों का निवास स्थान है, जो 1947 के विभाजन और 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से पलायन कर भारत आए थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ऐसे 331 परिवारों को भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र सौंपे।

सरकार के अनुसार, यह पहल अब तक करीब 1,000 विस्थापित परिवारों को लाभ पहुँचा चुकी है। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि शुरुआत में उत्तर प्रदेश में बसने वाले 1,031 परिवार अब बढ़कर 5,000 से अधिक हो चुके हैं।