सैलरी बढ़ाने की माँग को लेकर नोएडा में चल रहे कर्मचारियों के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नजर बनी हुई है। सोमवार (13 अप्रैल 2026) को इस प्रदर्शन में हुई हिंसा और आगजनी पर भी सीएम योगी ने एक्शन ले लिया है। सीएम ने इस हिंसा की जाँच के लिए हाई-लेवल कमेटी का गठन किया है। ये कमेटी गौतम बुद्ध नगर में हिंसा की जाँच के लिए पहुँच चुकी है।
इस कमेटी में श्रमिक संगठन के पाँच और उद्यमी संघ के तीन प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। औद्योगिक विकास आयुक्त को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। यह कमेटी प्राथमिकता पर नोएडा में हुई हिंसा की जाँच कर जल्द ही शासन को रिपोर्ट सौंपेगी। कमेटी ‘निजी स्वार्थों’ या राजनीतिक उद्देश्यों से माहौल खराब करने के एंगल से भी इस हिंसा की जाँच करेगी।
ऑपइंडिया के सूत्रों ने बताया कि यह कमेटी सोमवार (13 अप्रैल 2026) रात तक नोएडा में जारी प्रदर्शन का हल निकाल लेगी। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पूरे मामले की समीक्षा करेंगे और फिलहाल वे सभी पक्षों से बातचीत पर नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को हुई हिंसा से पहले ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा की सभी प्राइवेट कंपनियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए थे। इन दिशा-निर्देशों में दोगुना ओवरटाइम भुगतान, समय पर सैलरी और बोनस सीधे बैंक खाते में जमा करने जैसे कर्मचारियों के हित शामिल थे।

