कॉन्ग्रेस-TMC नेताओं ने शुभेंदु अधिकारी का अधूरा वीडियो दिखाकर चलाया प्रोपेगेंडा, दावा- BJP नेता ने भारत के मुस्लिमों को दी धमकी: जानें हकीकत

कॉन्ग्रेस नेता कपिल सिब्बल का दावा है कि बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने ‘मुस्लिमों’ को धमकी दी है, इसके बावजूद उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। सिब्बल ने यह शिकायत सोशल मीडिया पर की है।

कपिल सिब्बल ने एक्स पर लिखा, “शुभेंदु अधिकारी ने 26 दिसंबर 2025 को NDTV के रात 9 बजे के शो में कहा कि भारत को मुस्लिमों को वैसा ही सबक सिखाना चाहिए जैसा इजरायल ने गाजा के लोगों को सिखाया था। फिर भी कोई FIR नहीं, कोई गिरफ्तारी नहीं, कोई मुकदमा नहीं। कोई UAPA नहीं।”

सिब्बल के पोस्ट पर TMC नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने जवाब में शुभेंदु अधिकारी की एक वीडियो शेयर की, जिसमें वे कह रहे हैं कि भारत को सबक सिखाना चाहिए, जैसे इजरायल ने गाजा को सिखाया था और जिस तरह ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान को सिखाया था।

सिर्फ सिब्बल ही नहीं, बल्कि काफी सोशल मीडिया हैंडल्स ने शुभेंदु अधिकारी की इस वीडियो क्लिप को शेयर किया है और दावा किया जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी ने भारत के मुस्लिमों को धमकी दी है।

TMC के प्रवक्ता तन्मय घोष ने भी इसी तरह के झूठे दावे किए कि शुभेंदु अधिकारी भारत के मुस्लिमों को धमका रहे हैं।

जबकि हकीकत अलग है, जो पूरा वीडियो देखने के बाद सामने आती है। वीडियो में शुभेंदु अधिकारी ने कहीं भी मुस्लिमों, खासतौर से भारत के मुस्लिमों का कोई जिक्र नहीं किया है। वे बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों, जिनमें दीपू दास की निर्मम हत्या के बारे में बोल रहे थे।

असल में शुभेंदु अधिकारी कहते हैं कि भारत को बांग्लादेश को सबक सिखाने की जरूरत है। वे कहते हैं, “उन्हें (बांग्लादेश) सबक सिखाया जाना चाहिए। भारत में 10 करोड़ हिंदू हैं, हमारे पास ऐसी सरकार है जो हिंदुओं की रक्षा करती है। उन्हें उसी तरह सबक सिखाया जाना चाहिए जैसे इजरायल गाजा में सबक सिखा रहा है और पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर में सबक सिखाया गया था।”