चक्रवात दितवाह के बाद भारत ने ऑपरेशन ‘सागर बंधु’ के तहत श्रीलंका को पहुँचाई मदद, 33 टन राहत सामग्री और NDRF टीमों को भेजा: PM मोदी ने दिया साथ खड़े होने का भरोसा


चक्रवात दितवाह से श्रीलंका में तबाही के बीच भारत ने त्वरित मानवीय सहायता के लिए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ की शुरुआत की है। भारतीय वायुसेना ने 28-29 नवंबर 2025 की रात हिंडन एयर बेस से एक C-130 और एक IL-76 विमान रवाना किए जिनमें 21 टन राहत सामग्री, 80 से अधिक NDRF कर्मी और 8 टन उपकरण शामिल थे।

यह सहायता शनिवार (29 नवंबर 2025) को कोलंबो पहुँचाई गई। इसके अलावा, एक और C-130J विमान लगभग 12 टन अतिरिक्त राहत सामग्री टेंट, तिरपाल, कंबल, हाइजीन किट और रेडी-टू-ईट खाद्य पदार्थ के साथ कोलंबो पहुँचा है।

इससे पहले भारतीय नौसेना का एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत और बैटलशिप INS उदयगिरि भी राहत सामग्री की पहली खेप लेकर शुक्रवार (28 नवंबर 2025) को श्रीलंका पहुँचे। विदेश मंत्री एस जयशंकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि भारत ‘पड़ोस पहले’ और ‘महासागर विजन’ के तहत श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है।

श्रीलंका के डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर के मुताबिक, अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 130 लापता हैं। 2 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं और कई जिलों में भूस्खलन व बाढ़ से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। लगातार बारिश और बिजली आपूर्ति ठप होने से राहत कार्य चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।