दिल्ली हाई कोर्ट का CJP के प्रदर्शन पर PIL सुनने से इनकार, बोले- ‘चिंता छोड़ें, पुलिस खुद संभालेगी सुरक्षा’

दिल्ली हाई कोर्ट ने 6 जून को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ दायर जनहित याचिका (PIL) पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। यह याचिका NGO ‘सेव इंडिया फाउंडेशन’ की ओर से दाखिल की गई थी। इसमें प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताएँ जताई गई थीं।

याचिका में कहा गया था कि कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को दिल्ली के जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में जुटने का आह्वान किया है। NGO का दावा था कि इससे सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और जरूरी सेवाओं, जैसे एम्बुलेंस और ट्रैफिक के कारण परेशानी हो सकती है।

गर्मी की छुट्टियों के दौरान सुनवाई कर रही जस्टिस सौरभ बनर्जी और जस्टिस अमित शर्मा की बेंच के सामने मामले को तत्काल सुनवाई के लिए रखा गया था। हालाँकि, कोर्ट ने इसे तुरंत सुनना जरूरी नहीं समझा

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मामलों का ध्यान पुलिस रखेगी। हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद सेव इंडिया फाउंडेशन ने दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट देने का फैसला किया है।