मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक लवकेश बजाज का ‘बांग्लादेशी कनेक्शन’ आया सामने, अपने पते पर बनवाए फर्जी पासपोर्ट-आधार; पहले भी जा चुका जेल

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में गिरफ्तार बिल्डिंग मालिक लवकेश बजाज का विदेशी कनेक्शन सामने आया। उस पर आरोप है कि उसने दो बांग्लादेशी नागरिकों को अपने पते का इस्तेमाल कर अवैध रूप से पहचान पत्र बनवाने में मदद की।

बताया जा रहा है कि पैसे के लालच में उसने अपने घर के पते का दुरुपयोग करवाया, जिस आधार पर बांग्लादेशियों का भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड तैयार हुआ। मामला साल 2025 का है, जब जाँच के दौरान फर्जी दस्तावेजों का यह पूरा नेटवर्क सामने आया।

जाँच में पाया गया कि जिन दो बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में अवैध रूप से रखा गया था, उनके पास भारतीय पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड और पासपोर्ट मौजूद थे, जो संदिग्ध परिस्थितियों में बने थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस को बांग्लादेशी पासपोर्ट, एक भारतीय पासपोर्ट और कई आधार कार्ड भी मिले, जिनमें एक ही व्यक्ति की तस्वीरें अलग-अलग नामों के साथ इस्तेमाल की गई थीं।

जाँच में यह भी सामने आया कि इस नेटवर्क में लवकेश बजाज की भूमिका थी, जिसके कारण उसे धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह करीब 15 दिन तक जेल में रहा और बाद में जमानत पर रिहा हुआ। मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।

इसके अलावा 2024 में भी उसके होटल के खिलाफ सुरक्षा मानकों का पालन न करने और CCTV नियमों की अनदेखी को लेकर एक अलग मामला दर्ज किया गया था।