दिल्ली लाल किला ब्लास्ट केस में NIA का बड़ा एक्शन, जम्मू-कश्मीर में 12 ठिकानों पर छापेमारी: संदिग्ध कारोबारी के घर से अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद

दिल्ली रेड फोर्ट ब्लास्ट मामले की जाँच तेज करते हुए राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने सोमवार (23 मार्च 2026) को जम्मू-कश्मीर में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। एजेंसी की टीमों ने कुपवाड़ा के हंदवाड़ा के गुलूरा इलाके के साथ-साथ दक्षिण कश्मीर के कुलगाम और शोपियाँ जिलों में 12 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हंदवाड़ा में एक स्थानीय कारोबारी के घर पर की गई तलाशी के दौरान जाँच अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। शुरुआती जाँच में इस कारोबारी की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है और उसके तार फंडिंग के जरिए एक व्हाइट कॉलर आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

एजेंसी अब इस नेटवर्क की परतें खोलने और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। यह पूरी कार्रवाई दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट की जाँच से जुड़ी हुई है। फिलहाल NIA की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं और जब्त किए गए दस्तावेजों व डिजिटल डिवाइस की गहन जाँच की जा रही है, ताकि इस हमले की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी आरोपितों तक पहुँचा जा सके।