पुरुषोत्तम मास में कश्मीर के मार्तंड सूर्य मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, ‘बानमास मेला’ में श्रद्धालु कर रहे पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित ऐतिहासिक मार्तंड सूर्य मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पवित्र ‘बानमास मेला’ (बनमास) के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुँचकर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा ले रहे हैं।

यह पारंपरिक मेला पुरुषोत्तम मास यानी अधिक मास के दौरान आयोजित किया जाता है, जिसे हिंदू पंचांग में अत्यंत शुभ माना जाता है। इस पूरे महीने को भगवान विष्णु की आराधना के लिए विशेष महत्व दिया जाता है। मट्टन क्षेत्र में लगने वाला यह धार्मिक मेला वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है और हर साल दूर-दराज के इलाकों से श्रद्धालु यहाँ दर्शन के लिए पहुँचते हैं।

मंदिर परिसर में भक्तों के लिए विशेष प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए मंदिर प्रबंधन के साथ कई स्वयंसेवक सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं। मार्तंड सूर्य मंदिर को कश्मीर की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।

ओडिशा के कोणार्क सूर्य मंदिर और गुजरात के मोढेरा सूर्य मंदिर की तरह यह मंदिर भी भगवान सूर्य को समर्पित भव्य मंदिरों में गिना जाता है। प्राचीन काल में इसका वैभव बेहद विशाल बताया जाता है। गौरतलब है कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन भी यहाँ बड़ी संख्या में हिंदू कार्यकर्ता और श्रद्धालु पहुँचे थे।

उस दौरान मंदिर परिसर में पूजा-पाठ, हनुमान चालीसा का पाठ और परिक्रमा कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।