पहले बनाते फर्जी आधार कार्ड, फिर नेपाल बॉर्डर से करवाते घुसपैठ: बिहार के किशनगंज में पुलिस ने पकड़ा रैकेट, अशरफुल गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा से लगे बिहार के किशनगंज से पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक बड़े गिरोह को पकड़ा है। गिरोह के लोग बांग्लादेशी और अन्य देशों के घुसपैठियों को फर्जी आधार कार्ड देकर भारत में घुसाते थे। पुलिस ने छापेमारी कर अशरफुल नाम के एक एजेंट को भी हिरासत में लिया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मलिनगांव पंचायत के गिलहबाड़ी गाँव में एक गिरोह फर्जी दस्तावेजों की सहायता से आधार कार्ड बना रहा है। जाँच में पता चला कि गिरोह के लोग बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारतीय पहचान पत्र उपलब्ध कराते हैं ताकि वे भारत में रह सकें।

एसपी सागर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह में शामिल आरेपित जमाल और पंकज छापामारी के दौरान नेपाल की सीमा से होते हुए भाग गए, जबकि अशरफुल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से फर्जी आधार कार्ड, लैपटॉप, प्रिंटर, नेपाल के नोट नोट और सिम के अलावा बायोमेट्रिक उपकरण भी जब्त किया है।