फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी लैब में आतंकी कर रहे थे विस्फोटक तैयार? जानिए दिल्ली ब्लास्ट से कैसे जुड़ रहे इस संस्थान के तार, कैंपस-मस्जिद से धरे गए 7 संदिग्ध

फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट से लिंक मिले हैं। मंगलवार (11 नवंबर 2025) को पुलिस ने यूनिवर्सिटी में छापेमारी की। पुलिस का कहना है कि जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवातुल-हिंद का एक अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल इस यूनिवर्सिटी से जुड़ा था।

TOI के अनुसार, पुलिस ने कहा कि ये नेटवर्क कथित तौर पर एकैडमिक और प्रोफेशनल करियर में घुस गया था और फंड के लेन-देन, रंगरूटों को कट्टरपंथी बनाने और विस्फोटक इकट्ठा करने के लिए एन्क्रिप्टेड चैनलों, चैरिटेबल फ्रंट्स और विश्वविद्यालय नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस को यह भी शक है कि यूनिवर्सिटी के लैब में RDX जैसे विस्फोटक तैयार किए जा रहे थे।

दिल्ली ब्लास्ट में शामिल आतंकी उमर भी अल-फलाह यूनिवर्सिटी में डॉक्टर

मंगलवार (11 नवंबर 2025) को अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पुलिस और NIA की छापेमारी के बाद लैब में काम करने वाले 3 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। यह भी सामने आया कि दिल्ली ब्लास्ट में शामिल आथंकी उमर नबी भी इसी यूनिवर्सिटी में डॉक्टर था। ब्लास्ट से पहले वह इसी यूनिवर्सिटी से i20 कार लेकर निकला था। इसी कार से दिल्ली में धमाका हुआ था।

फरीदाबाद की मस्जिदों से 4 जमातियों की हिरासत

इसके साथ ही पुलिस फरीदाबाद के फतेहपुर तगा गाँव की मस्जिदों में जाँच कर रही है। फरीदाबाद से पकड़ा गया आतंकी डॉ. मुजम्मिल फतेहपुर तगा की ही किसी मस्जिद में नमाज के लिए जाया करता था। इन मस्जिदों में पुलिस ने कश्मीर, तमिलनाडु और नूंह से आए जमातियों से भी पूछताछ की गई। इसके बाद 4 जमातियों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है।

फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल का दिल्ली ब्लास्ट से लिंक

दरअसल, यह सब 19 अक्टूबर 2025 को श्रीनगर के बनपोरा नौगाम इलाके में कई जगहों पर जैश-ए-मोहम्मद के धमकी भरे पोस्टर दिखाई देने के बाद शुरू हुआ था। इन पोस्टर के बाद जाँच एजेंसियाँ सक्रिय हुईं। तब सबसे पहले फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के डॉक्टर मुजम्मिल को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद अल-फलाह यूनिवर्सिटी से फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल के लिंक भी सामने आते आ गए। डॉ. मुजम्मिल के बाद उसके दोस्त डॉ. अकील अहमद की 360 किलो RDX और हथियार के साथ गिरफ्तारी हुई। फिर उसके करीबी इमाम इरफान को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया और लखनऊ की महिला डॉक्टर और मजुम्मिल की गर्लफ्रेंड शाहीना को भी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कार में AK-47 और विस्फोटक के साथ पकड़ा। इन सभी के पास से कुल 2900 किलो विस्फोटक बरामद किया गया।

हैरानी तब हुई जब इस फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में सक्रिय आतंकी मॉड्यूल के लिंक सोमवार (11 नवंबर 2025) को हुए दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े। आतंकी मॉड्यूल में गिरफ्तारी के बाद ही दिल्ली के लाल किले में ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट उस चलती i20 कार से हुआ, जिसमें आतंकी उमर नबी बैठा था। वही उमर नबी, जो अल-फलाह यूनिवर्सिटी में डॉक्टर था।