नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट ने भरी उड़ान, जमीन देने वाले 170+ किसान थे सवार: कहा- इसी तरह विकास का काम करते रहें CM योगी

नोएडा के जेवर स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार (15 जून 2026) को व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत हो गई। उद्घाटन उड़ान लखनऊ से सुबह एयरपोर्ट पहुँची, जहाँ उसका पारंपरिक वाटर कैनन सलामी देकर स्वागत किया गया। इसी दिन एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले 172 किसानों को विशेष उड़ान से नोएडा से लखनऊ ले जाया गया।

किसानों में 20 महिलाएँ भी शामिल रहीं। सभी किसान लखनऊ पहुँच चुके हैं और आज उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात प्रस्तावित है। इससे पहले सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, “आज गौतमबुद्ध नगर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जेवर के निर्माण हेतु अपनी भूमि समर्पित करने वाले अन्नदाता बहनों-भाइयों का प्रथम उड़ान से लखनऊ आगमन पर स्वागत-अभिनंदन करने के साथ ही उनसे संवाद भी करूँगा।”

सोमवार (15 जून 2026) की सुबह इंडिगो की उड़ान 6E-2278 लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होकर सुबह 7:55 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुँची। इसी रूट पर वापसी की फ्लाइट 6E-2279 शाम 6:55 बजे नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होगी और रात 8 बजे पहुँचेगी।

किसान बोले- सीएम तो बहुत आए, लेकिन फ्लाइट से सफर कराने वाले योगी जैसे नहीं

एयरपोर्ट निर्माण के लिए जमीन देने वाले किसानों को विशेष उड़ान से लखनऊ भेजा गया। व्हीलचेयर की सहायता से विमान तक पहुँचीं किसान कमलेश ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। सीएम हम लोगों से आज बातचीत करेंगे।” किसान शमे मोहम्मद ने कहा, “हम बड़े आनंद से आए हैं। सीएम तो पहले भी बहुत आए, लेकिन ऐसा पहली बार किसी ने किया है। किसानों को फ्लाइट से सफर किसी ने नहीं करवाया।”

एक किसान ने कहा कि उन्हें यहाँ आकर बहुत अच्छा लग रहा है। एयरपोर्ट उनकी जमीन पर बना था। यहाँ विकास का अच्छा काम हो रहा है, ऐसे ही विकास होता रहे। वहीं जेवर से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, “यह एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है, जो उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल देगा। इसलिए हमने सोचा कि जिन किसानों ने इस सपने को साकार करने के लिए अपनी जमीन दी, वे जेवर से शुरू होने वाली पहली उड़ान का हिस्सा बनें।”

उन्होंने कहा, “यहाँ से हम मुख्यमंत्री आवास जा रहे हैं। इन किसानों ने मुख्यमंत्री पर भरोसा जताते हुए इस परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी, और उन्हें सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री ने आज उन्हें अपने आवास पर आमंत्रित किया है।”

करीब 5 साल में तैयार हुआ प्रोजेक्ट, आगे चार चरणों में होगा विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। पहले चरण का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसके तहत करीब 3300 एकड़ क्षेत्र में टर्मिनल और रनवे विकसित किए गए हैं। इस चरण पर लगभग 11 हजार करोड़ रुपए की लागत आई है। एयरपोर्ट को कुल चार चरणों में विकसित किया जा रहा है।

परियोजना पूरी होने के बाद इसे एशिया के सबसे बड़े और दुनिया के छठे सबसे बड़े एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। 25 नवंबर 2021 को इसका शिलान्यास किया गया था और करीब पाँच वर्षों में इसका पहला चरण तैयार हुआ। अनुमान है कि यहां से हर साल लगभग 1.2 करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे।