फ्रांस के जंगलों में लगी भीषण आग, 3000 लोग सुरक्षित निकाले गए: एयरपोर्ट बंद, कई कैंपसाइट और नावें जलकर खाक

दक्षिणी फ्रांस में जंगल की आग फैलने के बाद प्रशासन को करीब 3000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाना पड़ा। आग सबसे पहले सेंट-मैरी-ला-मेयर इलाके में एक कैंपसाइट के पास लगी और देखते ही देखते पड़ोसी शहर काने-आँ-रूसियों तक फैल गई।

आग की तेजी को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तुरंत वहाँ से हटाया गया। निकाले गए लोगों में करीब आधे तीन कैंपसाइटों में ठहरे हुए थे। आग बुझाने के लिए करीब 200 दमकलकर्मियों, पानी बरसाने वाले हेलीकॉप्टरों और विमानों को लगाया गया।

इस दौरान 2 दमकलकर्मी मामूली रूप से घायल भी हुए। आग की वजह से कई मोबाइल होम जल गए, मरीना तक लपटें पहुँच गईं और वहाँ खड़ी कुछ नावों तथा गोदामों में भी आग लग गई। एहतियात के तौर पर पास का पर्पिन्याँ हवाई अड्डा भी बंद कर दिया गया।

जंगल की आग से निपटने के लिए फ्रांस के कई दक्षिणी इलाकों में एक साथ करीब 2000 दमकलकर्मियों, स्वयंसेवकों और सैन्य कर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि तेज हवाओं और सूखी वनस्पति के कारण आग तेजी से फैल रही है।

पिछले महीने फ्रांस में 11 दिनों तक रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ी थी, जहाँ कई जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुँच गया था। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह फिर से गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है, जिससे जंगल की आग का खतरा अभी भी बना हुआ है।