फ्रांस के उत्तर-पूर्वी शहर टॉमब्लेन (नैन्सी के पास) में रविवार (28 जून 2026) सुबह एक भीषण विमान हादसा हो गया। स्काईडाइवरों के एक समूह को ले जा रहा एक नागरिक विमान अचानक अनियंत्रित होकर सीधे जमीन पर आ गिरा, जिससे विमान में सवार सभी 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में एक पायलट, पाँच इंस्ट्रक्टर (प्रशिक्षक) और पाँच छात्र शामिल हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, ये छात्र नैन्सी शहर की फ्रीलांस नर्सें थीं, जो जीवन में पहली बार स्काईडायविंग का अनुभव लेने पहुँची थीं।
यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11 बजे उस समय हुआ जब विमान दिन की अपनी तीसरी उड़ान भर रहा था। दुर्घटनाग्रस्त विमान एक जर्मन-पंजीकृत ‘पिलाटस’ विमान था, जिसका उपयोग आमतौर पर पैराशूट और स्काईडायविंग गतिविधियों के लिए किया जाता है। चश्मदीदों के मुताबिक, विमान सड़क के किनारे एक घास वाले इलाके में घरों के बेहद करीब क्रैश हुआ। इस हादसे को वहाँ मौजूद पीड़ितों के कई रिश्तेदारों ने अपनी आँखों से देखा, जो अपने प्रियजनों का पहला स्काईडायविंग अनुभव देखने के लिए जुटे थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुँच गया। इस दुखद घटना पर म्यूर्थ-ए-मोसेल क्षेत्र के प्रीफेक्ट इव सेगुई ने घटनास्थल पर पत्रकारों से कहा, “विमान, जो एक स्काईडायविंग क्लब का था, बिना किसी ज्ञात कारण के अचानक सीधे लंबवत (वर्टिकली) नीचे गिर गया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आधिकारिक जाँच शुरू कर दी गई है।” वहीं ‘ऑर्डर ऑफ इंडिपेंडेंट नर्सेज’ के स्थानीय अध्यक्ष थिएरी पेचे ने बयान दिया, “ऐसा प्रतीत होता है कि इस हादसे का शिकार हुईं सभी पीड़ित फ्रीलांस नर्सें थीं।”
Incident en cours sur la commune de Tomblaine impliquant un avion civil ayant décollé de l'aérodrome de Nancy-Essey.
— Préfet de Meurthe-et-Moselle (@Prefet54) June 28, 2026
Yves SÉGUY, préfet de Meurthe-et-Moselle, a décidé d’activer le centre opérationnel départemental (COD) en présence de l’ensemble des services opérationnels afin… pic.twitter.com/D9Qvhz7TGF
प्रशासन ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए एक चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सहायता इकाई का गठन किया है। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से लोगों से साल्वाडोर अलेंदे स्ट्रीट और एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है, ताकि आपातकालीन सेवाओं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को जाँच कार्य में कोई बाधा न आए। नेशनल पैराशूटिस्ट यूनियन के अध्यक्ष पियरे-इव्स यूजीन ने बताया कि पिलाटस विमान एक बेहद संवेदनशील मशीन है, जिसकी हर दो साल में व्यापक जाँच जरूरी होती है।

