गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक नफरत फैलाने के आरोप में पुलिस ने अजगर अनवर खराई नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने एक चोरी के सिम कार्ड का उपयोग कर ‘फिरोज खराई’ नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी, जिसके जरिए उसने हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने वाली भड़काऊ पोस्ट साझा की थी।
पुलिस ने तकनीकी डेटा (CDR और IPDR) की मदद से आरोपित को ट्रेस किया और 29 जनवरी 2026 को उसे सलाखों के पीछे भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित अजगर का उसके गाँव मूल द्वारका में सरेआम जुलूस निकाला, जहाँ उसे बीच सड़क पर उट्ठक-बैठक कराकर माफी माँगनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई असामाजिक तत्वों में कानून का खौफ पैदा करने के लिए की गई है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिर सोमनाथ पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

