जिस जगह को घेरकर बनाई दरगाह, वो निकली PWD की जमीन: गाजियाबाद के लोनी में चला प्रशासन का बुलडोजर, 50 गज जगह कब्जा मुक्त

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बनी एक अवैध दरगाह को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई के तहत ध्वस्त कर दिया। प्रशासन का कहना है कि यह निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) की भूमि पर अवैध रूप से किया गया था। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना और सड़क पर यातायात को सुचारु बनाना है। प्रशासन के मुताबिक, जिस स्थान पर दरगाह बनाई गई थी, वहाँ करीब 10 से 15 वर्ष पहले पहले एक मजार बनाई गई थी, जिसे बाद में घेरकर दरगाह का रूप दे दिया गया।

अभिलेखों की जाँच में यह भूमि PWD की सरकारी संपत्ति निकली, जिस पर लगभग 50 वर्ग गज क्षेत्र में अवैध कब्जा किया गया था। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद रविवार (5 जुलाई 2026) को प्रशासनिक टीम ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माण को हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया।

अधिकारियों ने बताया कि दरगाह के ठीक पास मौजूद यू-टर्न के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी। अवैध निर्माण हटने के बाद अब इस मार्ग पर यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु रहने की उम्मीद है। कार्रवाई के दौरान DCP देहात, SDM, दो ACP समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।