अमेरिका के पिट्सबर्ग में भारतीय मूल के राकेश एहागाबन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 51 वर्षीय राकेश पिट्सबर्ग मोटेल का मालिक था। मोटेल के पार्किंग में हुए झगड़े की खबर सुन वह पहुँचा। जहाँ बंदूकधारी से राकेश ने पूछा, ‘तुम ठीक हो, दोस्त?’ और इतने में उसने राकेश पर गोली चला दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी पुलिस का कहना है कि राकेश पर गोली चलाने वाला 37 वर्षीय स्टैनली यूजीन वेस्ट है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वेस्ट का मोटेल के पार्किंग में किसी से झगड़ा हो गया, जिसे सुलझाने राकेश पहुँचा। फुटेज में देखा गया कि वेस्ट राकेश की ओर बढ़ रहा है और उसने राकेश के सिर पर गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपित पिछले दो हफ्तों से एक महिला और बच्चे के साथ राकेश के पिट्सबर्ग मोटेल में ठहरा हुआ था। यह भी सामने आया कि आरोपित ने राकेश को मारने से पहले कार में बैठी अपनी साथी महिला पर भी गोली चलाई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालाँकि, महिला के साथ बच्चे को कोई हानि नहीं पहुँची है।
वारदात को अंजाम देकर आरोपित वेस्ट घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक अधिकारी की मौत हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपित वेस्ट को भी मार डाला। हालाँकि, पुलिस अब तक वारदात के पीछे की वजह नहीं जान सकी है।
हैदराबाद के चंद्रमौली को गैस-स्टेशन पर मारी थी गोली
अमेरिका में 24 घंटे में भारतीय मूल निवासी की हत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार (06 अक्टूबर 2025) को अमेरिका के टेक्सास में हैदराबाद के 27 वर्षीय छात्र चंद्रशेखर पोल की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। तब वह गैस स्टेशन पर पार्ट-टाइम काम कर रहा था। इस घटना से अमेरिकी पुलिस ने ढिलाई बरती है। अभी तक हमलावर की पहचान भी नहीं हो सकी है।

