अपहरण, धर्मांतरण, निकाह और एक Video: भारतीय सिख महिला के पाकिस्तान में लापता होने के बाद जानिए हुआ क्या-क्या, SGPC ने कहा- अब से अकेली महिला को नहीं देंगे VISA

भारत के सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान पहुँची लापता सरबजीत कौर का वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह पाकिस्तान के 43 साल के नासिर हुसैन से निकाह कबूल कर रही हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद भी सरबजीत का कुछ पता नहीं चल रहा है।

वीडियो में सरबजीत कहती हैं कि वह अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन कर रही हैं। वह यह भी कहती हैं कि नासिर को 9 साल से जानती हैं। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार भी सरबजीत और नासिर मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुए और दोनों ने निकाह कर लिया है। साथ ही सरबजीत ने धर्मांतरण कर अपना नया नाम नूर हुसैन रख लिया है।

रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया कि शेखपुरा में जिला बार के सदस्य अहमद हसन पाशा एडवोकेट ने कोर्ट में सरबजीत के केस की पैरवी की। कोर्ट में कहा गया कि सरबजीत अपनी इच्छा से इस्लाम में परिवर्तित हुई है और अब वह अपने शौहर नासिर हुसैन के साथ रहना चाहती हैं। द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, निकाह 05 नवंबर 2025 को शेखपुरा जिले के फारूकाबाद में हुआ। इसमें 10 हजार रुपए मेहर की राशि तय हुई है।

उल्लेखनीय है कि 52 वर्षीय सरबजीत कौर 04 नवंबर 2025 को सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान पहुँची और लापता हो जाती हैं। वायरल वीडियो के अनुसार अगले ही दिन 05 नवंबर 2025 को निकाह करवा दिया गया। इसके बाद भी सरबजीत का कोई पता नहीं चल सका है, वह अब भी लापता हैं। वहीं भारत में सरबजीत कौर के दो बच्चे हैं। जाँच एजेंसियाँ भी मामले की जाँच में जुटी हुई हैं।

वहीं, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (SGPC) के सचिव परताप सिंह ने कहा कि सरबजीत कौर मामले की सही से जाँच की जानी चाहिए। साथ ही SGPC ने घोषणा की है कि वह अब पाकिस्तान के लिए अकेली महिला के वीजा अनुरोधों पर कार्रवाई नहीं करेगी।