ईरान ने शुरू की अमेरिकी टेक कंपनियों पर हमला, अमेजन क्लाउड ऑपरेशन बहरीन में क्षतिग्रस्त: IRGC ने दी थी मिडिल ईस्ट छोड़ने की धमकी

ईरान ने मिडिल ईस्ट में अमेरिकी टेक कंपनियों पर हमला करना शुरू कर दिया है। ईरान ने बहरीन स्थित अमेजन के क्लाउड ऑपरेशन पर हमला किया, जिसमें कंपनी को नुकसान पहुँचा है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बहरीन के गृह मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, ईरान ने यह हमला बहरीन की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बटेलको के मुख्यालय पर किया था। इसकी वजह से यहाँ आग लग गई। हालाँकि कुछ घंटों में आग पर काबू पा लिया गया। इस बिल्डिंग में ही अमेजन वेब सर्विसेज का पूरा सिस्टम ऑपरेट होता है। इसको निशाना बनाया गया था। हमले से ऑपरेशन पर असर पड़ा है।

ईरान द्वारा किसी अमेरिकी टेक कंपनी पर हमले का ये पहला मामला है। हमले के बाद बहरीन और उसके आस-पास के देशों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक पूरा सिस्टम ठप पड़ गया।

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक दिन पहले ही अमेरिका को धमकी दी थी कि वो मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी टेक कंपनियों पर हमले करेगा क्योंकि युद्ध में ये कंपनियाँ अमेरिका की मदद कर रहे हैं।

IRGC के हमले के बाद बहरीन ने कहा है कि सुरक्षा कारणों से किस किस कंपनी को कितना नुकसान पहुँचा और कितने लोग हताहत हुए हैं इसका खुलासा अभी नहीं किया जा सकता।

IRGC की धमकी के बाद से ही अमेजन अपने डाटा सेंटर्स को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करने में लगा हुआ है। अमेजन का मानना है कि युद्ध की वजह से उसके ऑपरेशन्स पर काफी बुरा असर पड़ा है।