ITBP पहली बार सीमा चौकियों पर महिला बैरक बनाएगी, जिनमें डॉरमेट्री और डबल या ट्रिपल-शेयरिंग कमरे होंगे। हर बैरक में लगभग 30 महिला कर्मियों के रहने की सुविधा होगी। इन बैरकों में आधुनिक किचन, शौचालय और इंसुलेशन जैसी सुविधाएँ होंगी, जो तेज हवाओं और ठंड से सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। इसके अलावा महिला अधिकारियों के अलग से रहने की व्यवस्था की जाएगी।
योजना के तहत LAC पर महिला आउट-पोस्ट की स्थापना की जाएगी। ITBP के पास भारत की चीन से सटी सीमा की रक्षा करने का जिम्मा है।
ITBP के डायरेक्टर जनरल प्रवीण कुमार के अनुसार, यह कदम 2020 में लद्दाख में हुई सैन्य झड़प के बाद शुरू हुई बदली योजना का हिस्सा है। सरकार लगातार सीमा सुरक्षा बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ा रही है।
जनवरी 2016 से CRPF में कांस्टेबल स्तर पर 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। ITBP में वर्तमान में लगभग 4,000 महिला कर्मी हैं और मार्च 2026 तक इसमें 1,375 और महिलाओं को शामिल करने की योजना है।

