Tuesday, June 24, 2025

फर्जी आधार कार्ड बनवाकर कानपुर की झोपड़पट्टी में रह रही थीं 3 रोहिंग्या महिलाएँ, पुलिस ने किया गिरफ्तार: म्यांमार से छुप कर भारत आई थी, परिवार में 10 लोग मौजूद

म्यांमार से छिपछिपाकर भारत के कानपुर में आकर बसी 3 रोहिंग्या महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले कानपुर में चेकिंग के दौरान गंगा घाट से एक रोहिंग्या मुस्लिम साहिल को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस को विदेशी नागरिकों के सत्यापन के दौरान, इन महिलाओं का पता चला। तीनों महिलाएँ शुक्लागंज के मनोहर नगर में रहती थी। इनके पास फर्जी आधार कार्ड और अन्य स्थानीय दस्तावेज भी मिले हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोतवाली इंचार्ज पीके मिश्रा ने बताया कि 22 मई को सूचना मिली थी कि गंगा किनारे बनी हुई झोपड़पट्टियों में कई ऐसे लोग रहते हैं, जो हिंदी भाषा नहीं बोलते और किसी अन्य भाषा में संवाद करते हैं।

पुलिस ने पूछताछ की तो उन्हें 36 वर्षीय आजिदा, 38 वर्षीय सिनवारा बेगम और 22 वर्षीय नूर कायदा के बारे में पता चला। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस परिवार में बच्चों और महिलाओं में 10 लोग हैं जो म्यांमार के बुसीडोंग के मोडांगो सिटी से हैं।

इन महिलाओं से पहले अवैध रूप से भारत आने वाले रोहिंग्या में मोहम्मद साहिल, अनवर, हबीबुल्लाह, असमत, रोहिमा बेगम, याहिया, जुनैद के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था।