‘2030 तक ₹4.65 लाख करोड़ के पार पहुँचेगा भारत-कोरिया का व्यापार’ : राष्ट्रपति ली संग PM मोदी की द्विपक्षीय वार्ता के बाद साझा बयान जारी

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग पहली बार भारत आए हैं। हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और साझा बयान जारी किया। इस दौरान एमओयू एक्सचेंज किए गए।

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, “भारत यात्रा पर आए राष्ट्रपति ली का स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। प्रेसिडेंट ली का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। हर चुनौती ने उनके भीतर जनसेवा के संकल्प को और सशक्त किया है। भले ही यह उनकी पहली भारत यात्रा हो, लेकिन भारत के प्रति उनकी आत्मीयता हमारी पहली मुलाकात से ही स्पष्ट रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत और कोरिया का द्विपक्षीय व्यापार आज 27 बिलियन डॉलर यानी ₹2.85 लाख करोड़ तक पहुँच चुका है। 2030 तक इसे 50 बिलियन डॉलर यानी ₹4.65 लाख करोड़ तक पहुँचाने का लक्ष्य है।

पीएम ने कहा कि आज हम अगले दशक की सक्सेस स्टोरीस की नींव रख रहे हैं। AI, सेमीकन्डक्टर और इनफार्मेशन टेक्नॉलजी में साझेदारी और प्रगाढ़ करने के लिए हम इंडिया-कोरिया डिजिटल ब्रिज लॉन्च कर रहें हैं। शिप बिल्डिंग, सस्टे-निबिलिटी, स्टील और पोर्ट्स जैसे क्षेत्रों में हम MOU कर रहे हैं।

सांस्कृतिक और क्रिएटिव इंडस्ट्री मे आपसी सहयोग को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि हम फिल्म, एनिमेशन और गेमिंग में भी नए आयाम स्थापित करंगे। आज का बिजनेस फोरम इन अवसरों को परिणामों में बदलने का मंच बनेगा।

भारत और कोरिया के बीच हजारों वर्ष पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। 2000 साल पहले, अयोध्या की राजकुमारी सूरीरत्ना और कोरिया के राजा किम-सुरो की कहानी हमारी विरासत है।