कलावा काटा, तिलक हटाया और नाबालिग हिंदू लड़की को बना दिया मुस्लिम: मौलवी ने मस्जिद के भीतर छेड़छाड़ भी की, हरियाणा पुलिस ने 5 को पकड़ा; महापंचायत ने दी आंदोलन की चेतावनी

हरियाणा के पलवल की एक मस्जिद में नाबालिग हिंदू लड़की का धर्म परिवर्तन और छेड़छाड़ के खिलाफ रविवार (07 दिसंबर 2025) को महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में 52 पालों ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया।

महापंचायत ने चेतावनी दी कि आरोपितो की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा और इसके लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा। महापंचायत में केस की सुनवाई होने तक मस्जिद को बंद रखने का प्रस्ताव भी पास किया गया। एक 31 सदस्यीय कमेटी भी बनाई गई, जो कार्रवाई होने तक नियमित रूप से शासन प्रशासन से मुलाकात करेगी।

उधर, नूहं हिंसा के आरोपित बिट्टू बजरंगी ने भी महापंचायत में शामिल होने की कोशिश की, जिसकी भनक लगने के बाद पुलिस ने उनके फरीदाबाद स्थित घर पर नजरबंद कर दिया।

पीड़ित परिवार को जान से मारने की मिली धमकी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महापंचायत में शामिल हुए पीड़ित लड़की के पिता ने बताया कि मामले को लेकर अधिकारी ढील दे रहे हैं। उन्हें केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी मिल रही हैं।

पीड़िता कि पिता ने कहा कि मामले में एक मौलवी और नाबालिग लड़की को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन 7 आरोपित अब भी फरार हैं, जिससे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। पीड़ित पिता ने यह भी कहा कि पुलिस ने जिन तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम FIR में ही नहीं हैं।

मौलवी ने हिंदू लड़की का कलावा काटा और मिटाया तिलक

यह महापंचायत हिंदू नाबालिग लड़की के साथ मस्जिद में हुई ज्यादती को लेकर की गई। सदर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 25 सितंबर 2025 की शाम उसकी 15 साल की बेटी घर से लापता हो गई। तब मस्जिद से उसने अपनी बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।

जब वह मस्जिद में पहुँचे तो देखा कि मौलवी और एक अन्य व्यक्ति उनकी बेटी का कुरान लेकर धर्मांतरण करा रही थीं। लड़की के हाथ से कलावा और राखियाँ काट दी और उसके माथे से तिलक भी मिटा दिया गया। उस पर नमाज पढ़ने का दबाव बनाया जा रहा था। नाबालिग लड़की ने मौलवी पर बदतमीजी और छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया। इस दौरान 4 से 5 लोग और दो महिलाएँ भी मौजूद थी। मामले में पुलिस ने अब तक 2 नाबालिग सहित 5 आरोपित गिरफ्तार किए हैं। मामले की जाँच के लिए SIT गठित की गई है।