‘मेरे ऊपर फेंक रहे हैं अंडे-बैंगन, देख रही है बंगाल पुलिस’: महुआ मोइत्रा ने शेयर किया वीडियो, बंगाल BJP अध्यक्ष ने बताया- TMC का आपसी झगड़ा

पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कालीगंज में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा को निशाना बनाकर अंडे और बैंगन फेंके जाने का मामला सामने आया है। TMC सांसद ने एक वीडियो शेयर कर लिखा, “बीजेपी के गुंडे द्वारा हमला किया जा रहा है और बंगाल पुलिस देख रही है।” महुआ मोइत्रा के अनुसार, वह पार्टी दफ्तर में थीं और जहाँ वह मौजूद थीं वहीं, कार्यालय की तीसरी मंजिल को लगातार निशाना बनाया गया।

उन्होंने सोशल मीडिया और फेसबुक लाइव के जरिए कहा कि पुलिस काफी देर से मौके पर पहुँची और वहाँ मौजूद रहने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

इसी बीच, पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अंडे फेंकने की घटनाए बंद होनी चाहिए। जो टीएमसी नेता घर में छिपे बैठे हैं, उन्हें मैदान में आना चाहिए। टीएमसी ही टीएमसी पर हमला कर रही है। पुलिस यह कैसे पहचान सकती है कि किसकी जेब में अंडे हैं? अंडे पकड़ने की कोई मशीन नहीं होती और मेटल डिटेक्टर भी अंडों का पता नहीं लगा सकते। ऐसी घटनाएँ बंगाल की छवि खराब कर रही हैं।”