अल्लाह ईरान की हिफाजत करें: US-इजरायल के हमलों पर बोलीं महबूबा मुफ्ती, कहा- संप्रभुता को खत्म नहीं कर सकती मिसाइल

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और PDP की मुखिया महबूबा मुफ्ती ने अमेरिका और इजरायल की एयर स्ट्राइक के बाद ईरान के पक्ष में बयान जारी किया है। महबूबा ने X पर एक पोस्ट में लिखा है कि अल्लहा ईरान की हिफाजत करे और उसके लोगों को हिम्मत दें।

महबूबा ने लिखा, “ईरान और उसके मजबूत लोगों के लिए दुआ है, जो एक बार फिर इजरायल की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। ईरान लंबे समय से मुस्लिम दुनिया की एक अहम आवाज रहा है। उसकी ताकत उसके अटूट ईमान और दृढ़ विश्वास से आती है।”

उन्होंने आगे लिखा, “कोई भी मिसाइल या धमकी उसकी संप्रभुता को खत्म नहीं कर सकती और न ही उसके हौसले को तोड़ सकती है। अल्लाह से दुआ है कि वह ईरान की हिफाजत करे, उसके लोगों को हिम्मत और सब्र दे और उसके सर्वोच्च नेता अली खामेनई को समझदारी और मजबूती के साथ मार्गदर्शन दे।”

गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल ने ईरान में 30 से अधिक ठिकानों पर हमला किया है जिसमें अली खामेनई और राष्ट्रपति के ठिकाने भी शामिल हैं। इन हमलों के जवाब में ईरान ने मध्य पूर्व में कई देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।