मिर्जापुर लव जिहाद और जिम रैकेट का सरगना फरीद गिरफ्तार, पुलिस एनकाउंटर में हुआ घायल: हिंदू लड़कियों की ब्लैकमेलिंग-जबरन धर्मांतरण के आरोप

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने जिम की आड़ में चल रहे लव जिहाद और ब्लैकमेलिंग के बड़े रैकेट के सरगना फरीद को मंगलवार (21 जनवरी 2026) की रात एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। देहात कोतवाली क्षेत्र के खड़ंजा फाल में सूचना पर पहुँची पुलिस टीम को देखते ही फरीद ने गोलीबारी शुरू कर दी।

फरीद की गोलीबारी का मिर्जापुर पुलिस ने मुँहतोड़ जवाब दिया, जिसमें फरीद के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तुरंत ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।

फरीद पर जिम के नाम से धर्म परिवर्तन, ब्लैकमेलिंग और पैसे उगाही के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। यह गिरफ्तारी सदर तहसील कॉलोनी स्थित केजीएन जिम से जुड़े बड़े रैकेट का हिस्सा है।

दो महिलाओं की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ था। आरोप है कि जिम संचालक और ट्रेनर लड़कियों को दोस्ती के बहाने फँसाते थे, शारीरिक शोषण करते थे, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे, जबरन बुर्का पहनाते थे, नमाज पढ़वाते थे और दरगाह ले जाकर कलमा पढ़वाकर धर्मांतरण का दबाव डालते थे। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

पुलिस ने पहले जिम मालिक मोहम्मद शेख अली आलम सहित फैजल खान, जहीर और सादाब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। केजीएन और बी-फिट सहित कुल पाँच जिमों को सील कर दिया गया था। अब फरीद की गिरफ्तारी के साथ कुल पाँच आरोपित पकड़े जा चुके हैं।

हिंदू जागरण मंच के केसरवानी ने बताया कि जिम 10-12 साल से चल रहा था, कई शाखाएँ थीं और लव जिहाद की जानकारी पहले से थी।

पुलिस जाँच तेज कर रही है और बाकी फरार आरोपितों की गिरफ्तारी जल्द होने की उम्मीद है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।