भारत में बड़े पैमाने पर सड़क दुर्घटनाएँ होती हैं, ऐसे में केंद्र सरकार ने इसे ध्यान में रखते हुए एक नई योजना लॉन्च की है। सड़क दुर्घटना में घायल होने वालों के लिए 1.50 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई है।
बता दें कि 2022 में भारत में प्रतिदिन औसतन 462 मौतें हुईं। इनमें से अधिकतर 25 से 35 वर्ष तक की उम्र के युवा होते हैं। 2022 में दुर्घटना में 42,671 मृतक युवा थे। फिर आप सोच सकते हैं घायल कितने होते होंगे। साथ ही इनमें से कई रुपयों के अभाव में इलाज के बिना मृत्यु को प्राप्त हो जाते हैं।
अब केंद्र सरकार ने इनके लिए सोचा है। इमरजेंसी केयर की दिशा में काम करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सड़क दुर्घटना के घायलों के इलाज के लिए सरकार व प्राइवेट अस्पतालों म व्यवस्था करेगी। 1.50 लाख रुपए तक के इलाज की व्यवस्था सरकार करेगी।
‘कैशलेस ट्रीटमेंट ऑफ रोड एक्सीडेंट विक्टिम्स स्कीम, 2025’ के तहत केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने व्यवस्था की है कि इलाज के समय पीड़ितों को किसी भी प्रकार की कागजी कार्यवाही में नहीं उलझना पड़ेगा। 2023 में देश में सड़क दुर्घटना की 4.80 लाख घटनाएँ हुईं।