असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में बाढ़ के हालात हैं। असम व मणिपुर में बाढ़ और बारिश से 7 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। असम में 21 जिले बाढ़ की चपेट में है। इसके अलावा मणिपुर में 3,365 घरों को नुकसान पहुँचा है जबकि एक मौत भी हुई है।
अरुणाचल प्रदेश में 12, मेघालय में 6, मिजोरम में 5, सिक्किम में 4, त्रिपुरा में 2 लोगों की मौत हो चुकी है। असम और मणिपुर समेत पूर्वोत्तर के कई इलाकों में बाढ़ के साथ-साथ लैंडस्लाइड का संकट भी आ बना है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार भी बेहद सतर्क है। पूरी घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार राज्य सरकार और राज्यपाल के साथ बने हुए हैं। इसके अलावा उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
सेना की पूर्वी कमांड और असम राइफल्स के द्वारा मणिपुर और त्रिपुरा में राहत-बचाव का कार्य जारी है। इसके अलावा सिक्किम में भूस्खलन के बाद फंसे 34 लोगों को दो एमआई-17 वी5 हेलिकॉप्टरों की मदद से पाकयोंग हवाई अड्डे पर सुरक्षित पहुँचाया गया।