केरल में ‘ब्रेन ईटिंग अमीबा’ से 3 लोगों की मौत, 42 मामले आए सामने: मीठे पानी में पलकर दिमाग में करता है संक्रमण

केरल में एक गंभीर स्वास्थ्य संकट सामने आया है। यहाँ पिछले कुछ दिनों में एक जानलेवा संक्रमण के कई मामले सामने आए हैं। यह बीमारी ‘Naegleria fowleri’ नाम के सूक्ष्मजीव के कारण होती है। आम भाषा में इसे ‘ब्रेन ईटिंग अमीबा’ कहा जाता है।

अब तक राज्य में इस साल इस संक्रमण के 42 मामले सामने आ चुके हैं और 3 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार (29 अगस्त 2025) को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान हाल ही में 3 महीने के एक बच्चे और 52 साल की एक महिला की मौत हो गई।

इससे पहले 14 अगस्त 2025 को थमारस्सेरी के 9 साल के एक बच्चे की भी इस बीमारी से मौत हुई थी। वहीं पिछले साल (2024) में इस बीमारी के 36 मामले और 9 मौतें दर्ज की गई थीं। यह सूक्ष्मजीव आम तौर पर गर्म और मीठे पानी के स्रोतों में पाया जाता है, जैसे तालाब, झील, कुएँ, नदियाँ और गंदे स्विमिंग पूल में।

यह अमीबा शरीर में नाक के रास्ते प्रवेश करता है और फिर दिमाग तक पहुँचता है, जिससे Primary Amoebic Meningoencephalitis (PAM) नामक खतरनाक बीमारी होती है। यह बीमारी बेहद दुर्लभ है लेकिन इसका मौत का खतरा 95% से 98% तक होता है।