ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के गिराए 10 विमान, न F-16 छोड़ा- न JF-17: एयरफोर्स चीफ बोले- PAK की जीत वाली बातें सिर्फ ‘मनोहर कहानियाँ’

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के एयरबेस के तीन हैंगर पर भी अटैक किया था, जिसमें उसके करीब 4 से 5 एयरक्राफ्ट तबाह हो गए। इसमें अमेरिका निर्मित F-16s और चीन निर्मित JF-17s शामिल है। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने शुक्रवार (03 अक्टूबर 2025) को यह जानकारी दी।

93वें एयर फोर्स दिवस पर बोलते हुए एयर चीफ मार्शल ने पाकिस्तान के सभी दावों को ‘मनोहर कहानियाँ’ करार दिया। अमर प्रीत सिंह ने कहा कि भारत ने F-16 और JF-17 श्रेणी के 4 से 5 लड़ाकू विमानों और एक सर्विलांस विमान को हवा में मार गिराया।

एपी सिंह ने कहा कि जमीन पर 4 से 5 F-16 लड़ाकू विमान नष्ट कर दिए गए क्योंकि भारत ने रडार सिस्टम, कमांड और नियंत्रण केंद्रों, रनवे और हैंगरों पर सटीक हमले किए। उन्होंने यह भी कहा कि लड़ाकू विमानों के अलावा जमीन पर ध्वस्त किए गए लक्ष्यों में चार जगहों पर रडार, दो जगहों पर कमांड और नियंत्रण केंद्र, दो रनवे, तीन हैंगर और एक सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (SAM) प्रणाली शामिल है।