अमेरिका के मिशिगन राज्य के फ्लिंट टाउनशिप से बच्चों की देखभाल में गंभीर लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ 7 वर्षीय बच्चे कैस्पर ओ’ब्रायन की मौत के बाद उसके माता-पिता पर हत्या सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बच्चे का वजन मात्र सात साल की उम्र में लगभग 115 किलोग्राम तक पहुँच गया था, जिसके चलते उसकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ती गई। प्रोसेक्यूटर डेविड लेटन ने बताया कि बच्चे के माता-पिता डेमियन ओ’ब्रायन और जेसिका ओ’ब्रायन पर सेकंड-डिग्री मर्डर, टॉर्चर और चाइल्ड अब्यूज के आरोप लगाए गए हैं।
जाँच में सामने आया कि बच्चे को लंबे समय तक पर्याप्त और पौष्टिक भोजन नहीं दिया गया, बल्कि उसके आहार में मुख्य रूप से जंक फूड, चिप्स, फ्रेंच फ्राइज और मीठे पेय शामिल थे। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, कैस्पर ओ’ब्रायन को डाइलेटेड कार्डियोमायोपैथी नामक गंभीर हृदय रोग था, जो अत्यधिक मोटापे के कारण और भी घातक हो गया।
नवंबर 2025 में साँस लेने में तकलीफ के बाद उसकी मौत हो गई। बताया गया कि वह लंबे समय से बिस्तर पर ही था और उसे गंभीर बेडसोर भी हो चुके थे। जाँच एजेंसियों ने यह भी पाया कि परिवार का घर कचरे से भरा हुआ था। कैस्पर कभी स्कूल नहीं गया और न ही उसे नियमित चिकित्सा सुविधा मिली, जबकि परिवार के पास स्वास्थ्य बीमा मौजूद था।
इसी घर में मौजूद उसकी 5 वर्षीय बहन को सुरक्षित निकालकर फॉस्टर केयर में भेज दिया गया है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

