तनाव से तैयारी तक और प्रबंधन से लेकर लक्ष्य सिद्धि तक: PM मोदी ने ब्रह्मपुत्र में क्रूज पर बैठ 25 छात्रों से की ‘परीक्षा पे चर्चा’, अनोखे अंदाज में हुआ संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (21 दिसंबर 2025) को असम के दौरे पर हैं। इस दौरे की शुरुआत उन्होंने शिक्षा और युवाओं से जुड़े ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के एक विशेष संस्करण से की, जिसमें गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर क्रूज के दौरान उन्होंने असम के 25 मेधावी छात्रों से संवाद किया। इसके बाद प्रधानमंत्री बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने और राज्य के औद्योगिक व बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर क्रूज के ऊपरी डेक पर प्रधानमंत्री मोदी ने असम के 25 मेधावी छात्रों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा के तनाव, पढ़ाई की तैयारी, समय प्रबंधन और जीवन में लक्ष्य तय करने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। परीक्षा से पहले छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित यह संवाद अपने अनोखे आयोजन स्थल के कारण भी खास रहा।

जनवरी में होगा PPC 2026 का मुख्य आयोजन

‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का मुख्य कार्यक्रम जनवरी 2026 में आयोजित किया जाएगा, हालाँकि इसकी सटीक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। पंजीकरण प्रक्रिया फिलहाल जारी है और छात्र, शिक्षक व अभिभावक 11 जनवरी 2026 तक innovateindia1.mygov.in वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।

अब तक 1 करोड़ 54 लाख से अधिक लोग इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। हर साल की तरह इस कार्यक्रम का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों को तनाव और चिंता से उबरने में मदद करना है। छात्रों से संवाद के बाद प्रधानमंत्री मोदी गुवाहाटी के पश्चिम बोरगांव स्थित शहीद स्मारक क्षेत्र (Swahid Smarak Kshetra) जाएँगे।

यहाँ वे असम आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री डिब्रूगढ़ जिले में 10,600 करोड़ रुपए की लागत वाले ब्राउनफील्ड अमोनिया-यूरिया यूरिया प्लांट की आधारशिला रखेंगे। इस संयंत्र की उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन होगी। इस परियोजना से देश में उर्वरक उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को लाभ पहुँचेगा, साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।