फ्रांस में शुरू हुआ G7 शिखर सम्मेलन, 16 महीने बाद मिले मोदी-ट्रंप: गर्मजोशी से मिलाया हाथ, सामने आया Video

फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मंगलवार (16 जून 2026) को एक अहम कूटनीतिक क्षण देखने को मिला, जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का अभिवादन किया।

यह उनकी पिछले लगभग 16 महीनों में पहली आमने-सामने की मुलाकात बताई जा रही है, जो वैश्विक मंच पर एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक संकेत के रूप में देखी जा रही है। यह मुलाकात फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के इतर हुई, जहाँ दुनिया के प्रमुख नेता एकत्र हुए थे।

सम्मेलन के दौरान नेताओं का पारंपरिक ग्रुप फोटो सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति ट्रंप और अन्य वैश्विक नेता एक साथ नजर आए। इस दौरान सभी नेताओं ने मंच पर एक साथ बैठकर आउटरीच सत्र में भी हिस्सा लिया।

इस ग्रुप फोटो में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा भी मौजूद रहे।