हाल ही में हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे में उनकी पीएम नरेंद्र मोदी के साथ कार में ली गई सेल्फी खूब चर्चा में रही। अब इस सेल्फी की बात अमेरिकी संसद तक पहुँच गई है। संसद में कॉन्ग्रेस की सिडनी कैमलेगर-डव ने दोनों नेताओं की सेल्फी वाला पोस्टर दिखाया।
अमेरिकी संसद में यह पोस्टर विदेश नीति पर बात करते हुए दिखाया गया। कॉन्ग्रेस सांसद सिडनी ने कहा कि वॉशिंगटन ही भारत को मॉस्को के करीब ले जा रहा है और इसके लिए अमेरिका ही जिम्मेदार है, भारत नहीं। पोस्टर दिखाते हुए उन्होंने कहा, “यह तस्वीर हजार शब्दों के बराबर है। आप (डोनाल्ड ट्रंप) अपने रणनीतिक साझेदारों को विरोधियों की तरफ धकेलकर नोबेल शांति पुरस्कार नहीं जीत सकते।”
Democrat Senator display Modi Putin Selfie in Car to show how Donald Trump has failed Indo-US Partnership castigating him for driving strategic partner like India back into Russian arms ! pic.twitter.com/AJNV3PPjg7
— Navroop Singh (@TheNavroopSingh) December 11, 2025
ट्रंप सरकार को घेरते हुए सांसद सिडनी ने कहा, “ट्रंप प्रशासन की भारत नीति ऐसी हैं, जैसे खुद का ही नुकसान करना।” उन्होंने कहा कि अमेरिका को यह समझना होगा कि दबाव बनाकर साझेदारी करने की भी एक कीमत होती है और इस नीति पर गंभीर पुनर्विचार की जरूरत है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुँचे थे। पालम एयरपोर्ट पर रेड-कार्पेट स्वागत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद पुतिन का आलिंगन कर स्वागत किया। और फिर दोनों नेता एक ही फॉर्च्यूनर कार में डिनर के लिए पीएम आवास पहुँचे। इसी दौरान दोनों नेताओं की यह कार सेल्फी सामने आई।

