प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई 26/11 आतंकी हमले पर कॉन्ग्रेस को घेरा है। मुंबई में नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने पहुँचे पीएम मोदी ने संबोधन में कहा कि कॉन्ग्रेस बताए कि आखिर किसके दबाव में कार्रवाई नहीं की। पीएम मोदी ने यह सवाल हाल ही में कॉन्ग्रेस नेता पी चिदंबरम के बयान सामने आने के बाद उठाया।
पीएम मोदी ने कहा, “हाल ही में कॉन्ग्रेस नेता, जो देश के गृह मंत्री तक रह चुके हैं। उन्होंने खुलासा किया है कि हमारी सेनाएँ पाकिस्तान पर हमला करने को तैयार थी, पूरा देश भी यही चाहता था। लेकिन किसी दूसरे देश के दबाव के कारण कॉन्ग्रेस सरकार ने भारत की सेनाओं को पाकिस्तान पर हमला करने से रोक दिया था।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “विदेशी दबाव में फैसला लेने वाली कॉन्ग्रेस को बताना होगा कि आखिर मुंबई की और देश की भावनाओं से खिलवाड़ क्यों किया। देश को यह जानने का हक है। इसने ही आतंकियों को छूट दी, जिसकी कीमते देश को बार-बार जानें गँवाकर चुकानी पड़ी।”
उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक इंटरव्यू में मुंबई 26/11 हमले के बाद तत्कालीन गृह मंत्री रहे कॉन्ग्रेस नेता पी चिदंबरम ने जवाबी कार्रवाई न कारण विदेशी दबाव बताया था। उन्होंने कहा था कि सेना जवाबी कार्रवाई को तैयार थी लेकिन उस समय कॉन्ग्रेस आलाकमान ने विदेशी मंत्रालय के फैसले का साथ देते हुए कोई कार्रवाई नहीं की। चिंदबरम ने यह भी बताया कि अमेरिका से तत्कालीन विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस ने भी भारत आकर प्रधानमंत्री से मुंबई हमले की कोई भी प्रतिक्रिया न देने की बात कही थी।

