पंजाब में पादरी चमन लाल मसीह ने युवती को बनाया बंधक, निहंग सिखों ने कराया मुक्त: घर से ले गया था ‘सत्संग’ के बहाने, लुधियाना का मामला

पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना स्थित करतार नगर में एक पादरी पर 21 साल की युवती को बहला-फुसलाकर करीब तीन सप्ताह तक अवैध रूप से बंधक बनाए रखने का गंभीर आरोप सामने आया है। आरोपित की पहचान चमन लाल मसीह (उर्फ रमन कुमार) के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने पीड़िता की रिहाई के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के पिता सतपाल मसीह के अनुसार, 7 जनवरी 2026 को आरोपित उनकी बेटी को ‘सत्संग’ में शामिल कराने के बहाने घर से ले गया था। इसके बाद उसे माछीवाड़ा क्षेत्र के एक अज्ञात स्थान पर रखा गया, जहाँ उसे बाहरी लोगों से संपर्क करने की अनुमति नहीं दी गई और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

परिवार ने 9 जनवरी 2026 को ही थाना सिटी-2 खन्ना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पीड़िता की माँ को केवल दो मिनट के लिए बेटी से मिलने दिया गया, जहाँ युवती ने इशारों के माध्यम से खतरे का संकेत दिया।

आखिरकार, तरुणा दल के निहंग सिंहों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप कर गुरुवार (29 जनवरी 2026) को युवती को छुड़ाया गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपित के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जाँच की जा रही है, जिसमें आरोपित के कथित संदिग्ध अतीत और उसकी पत्नी की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।