पंजाब में बेलगाम हुए अपराधी, ड्यूटी पर जा रहे ASI जोगा सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या: मान सरकार में कानून-व्यवस्था का हाल बदहाल

पंजाब में नगर काउंसिल चुनावों से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अमृतसर के मजीठा इलाके में ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के ASI जोगा सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। लगातार बढ़ते अपराध और पुलिसकर्मियों पर हो रहे हमलों ने यह साफ कर दिया है कि पंजाब में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

ड्यूटी पर जाते समय ASI की हत्या, अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े चलाई गोलियाँ

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ASI जोगा सिंह सुबह रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए निकले थे। वह अमृतसर ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। जैसे ही वह मजीठा के पास फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर हमजा मोड़ के नजदीक पहुँचे, बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियाँ चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुँची। इलाके की घेराबंदी कर जाँच शुरू की गई। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस निजी रंजिश, गैंग एंगल और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जाँच कर रही है।

इस घटना के बाद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि सीमा से जुड़े संवेदनशील इलाकों में लगातार हो रही हिंसक घटनाएँ बताती हैं कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। इससे पहले गुरदासपुर में भी दो पुलिस अधिकारियों की हत्या कर दी गई थी।