Sunday, March 16, 2025

सिख एक्टिविस्ट गुरप्रीत सिंह की हत्या में अमृतपाल सिंह पर लगा UAPA, गुरुद्वारे से वापस आते हुए मार दिया गया था: डिब्रूगढ़ जेल में बंद है खालिस्तान समर्थक सांसद

खालिस्तानी सांसद अमृतपाल सिंह पर पंजाब पुलिस ने UAPA लगा दिया है। यह कार्रवाई फरीदकोट में अक्टूबर, 2024 में हुई एक सिख एक्टिविस्ट की हत्या के मामले में हुई है। इस मामले में उनके साथ 11 और लोगों पर UAPA लगाया गया है। आरोप है कि अमृतपाल सिंह की शह पर गैंगस्टरों ने एक्टिविस्ट गुरप्रीत सिंह की हत्या की थी। MP अमृतपाल डिब्रूगढ़ की जेल में बंद है।

9 अक्टूबर,2024 को सिख एक्टिविस्ट गुरप्रीत सिंह हरी नाव उर्फ ​​भोडी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीन लोग पकड़े गए थे। इन तीनों ने इस मामले में रेकी की थी। तीनों का हैंडलर करमवीर सिंह उर्फ़ गोरा भी कनाडा में रहता है। यह पंजाब पुलिस ने अपनी जाँच में पाया था। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड गैंगस्टर अर्श दल्ला है।

गुरप्रीत सिंह बेहबलकलां इन्साफ मोर्चा का सदस्य था और इस बार के पंजाब पंचायत चुनावों में भी सक्रिय रहा था। यह मोर्चा बेअदबी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे दो युवकों के पुलिस फायरिंग में मारे जाने पर कार्रवाई की मांग करता आया है। गौरतलब है कि पंजाब के खडूर साहिब से MP अमृतपाल सिंह 14 जनवरी, 2025 को नई पार्टी लॉन्च करने वाला है।