गणतंत्र दिवस से ठीक पहले पंजाब को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश सामने आई है। सरहिंद के खानपुर फाटक के पास शुक्रवार (23 जनवरी 2026) की आधी रात को रेलवे ट्रैक पर एक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से एक मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि पटरी के परखच्चे उड़ गए और लोहे के टुकड़े दूर-दूर तक जा गिरे। शुरुआती जाँच में इसे RDX आधारित आईईडी (IED) हमला माना जा रहा है, जिसका मकसद मालगाड़ी को पटरी से उतारकर बड़ी तबाही मचाना था।
#WATCH | Punjab: A suspicious blast reported at the railway line near Khanpur Village in Fatehgarh Sahib. Police present at the spot.
— ANI (@ANI) January 24, 2026
Police say that the intensity of the blast was very low and it wasn't a major blast, just a minor one. The driver suffered a minor cut on his… pic.twitter.com/03fcAfraIj
आधी रात को धमाका, इंजन के उड़े परखच्चे
घटना रात करीब 11 बजे की है, जब न्यू डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) की नई लाइन पर ट्रायल के तौर पर एक मालगाड़ी गुजर रही थी। जैसे ही इंजन खानपुर फाटक के पास पहुँचा, वहाँ पहले से प्लांट किया गया विस्फोटक फट गया।
चश्मदीदों के मुताबिक, धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट से पटरी पर 3-4 फीट गहरा गड्ढा हो गया और इंजन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। गनीमत रही कि यह पैसेंजर ट्रेन नहीं थी, वरना सैकड़ों जानें जा सकती थीं।
बब्बर खालसा के दो मॉड्यूल ढेर, आतंकी कनेक्शन की जाँच
पंजाब पुलिस ने इस घटना के कुछ ही घंटों बाद एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ (BKI) के दो आतंकी मॉड्यूल्स का भंडाफोड़ किया है। होशियारपुर और अमृतसर से 5 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 2.5 किलो RDX और हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं।
पुलिस को शक है कि सरहिंद ब्लास्ट के तार भी इन्हीं विदेशी हैंडलर्स से जुड़े हो सकते हैं। DGP गौरव यादव ने बताया कि पाकिस्तान की ISI समर्थित ये नेटवर्क 26 जनवरी पर बड़े हमले की फिराक में थे।
हाई अलर्ट पर पंजाब, फॉरेंसिक टीम कर रही जाँच
धमाके के बाद पूरे पंजाब में ‘रेड अलर्ट’ जारी कर दिया गया है। मौके पर पहुँची फॉरेंसिक टीम (FSL) और सुरक्षा एजेंसियाँ मलबे के सैंपल ले रही हैं ताकि विस्फोटक की सही प्रकृति का पता चल सके।
डीआईजी नानक सिंह ने कहा कि इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन के साथ वैज्ञानिक तरीके से जाँच की जा रही है। 26 जनवरी को देखते हुए सभी रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है।
‘यह कोई सामान्य अपराध नहीं’: विपक्ष ने उठाए सवाल
रेलवे ट्रैक पर हुए इस धमाके के बाद पंजाब की सियासत भी गरमा गई है। कॉन्ग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जगहों और रेलवे ट्रैक पर RDX मिलना पंजाब को अस्थिर करने की गहरी साजिश है। वडिंग ने सवाल उठाया कि आखिर इन धमाकों से किसे फायदा हो रहा है और राज्य की सुरक्षा एजेंसियाँ इन्हें रोकने में नाकाम क्यों साबित हो रही हैं?

