राजस्थान के अलवर में महिला ज्योति कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है। मौत के पीछे के कारण ठीक से सामने नहीं आए हैं लेकिन बताया जा रहा है कि ज्योति ने आत्महत्या की है। लेकिन पोस्टमार्टम में उनके सिर पर ताजा चोट का निशान भी मिला है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना NEB थानाक्षेत्र के दाऊदपुर की है। बताया गया कि शुक्रवार (26 जून 2026) को रात लगभग 8.30 बजे ज्योति कौर ने फाँसी लगा ली। इस समय उसका शौहर मोहम्मद रफीक घर पर नहीं था, वह हरियाणा के नूहं किसी काम से गया हुआ था। ज्योति के परिजन और पड़ोसी आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में ज्योति के सिर पर ताजा चोट का निशान मिला है। हालाँकि, अब तक ज्योति के परिजनों ने कोई आपत्ति नहीं उठाई है। ज्योति को दाऊदरपुर कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। वहीं पुलिस ने ज्योति की मौत पर कहा कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
बताया जा रहा है कि ज्योति की 12 साल पहले नूहं के रफीक खान से निकाह हुआ था। वह पेशे से देहाती प्रोग्राम में डांसर थीं। निकाह के चार साल बाद उन्होंने अपना करियर छोड़ दिया। ज्योति और रफीक के दो बच्चे भी हैं।

