बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह मंगलवार (26 मई 2026) की सुबह मुंबई एयरपोर्ट से सीधे मैसूर पहुँचे और वहाँ के ऐतिहासिक चामुंडेश्वरी मंदिर में जाकर विशेष पूजा-अर्चना की। दरअसल यह कदम उन्होंने कर्नाटक हाई कोर्ट द्वारा ‘कांतारा’ मिमिक्री मामले में दिए गए कड़े निर्देश के बाद उठाया है। कोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए एफआईआर (FIR) तो रद्द कर दी, लेकिन चार हफ्ते के भीतर मंदिर जाकर माफी माँगने का आदेश भी दिया था।
यह पूरा विवाद साल 2025 में गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह से शुरू हुआ था। वहाँ अपनी जासूसी थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रमोशन के दौरान रणवीर सिंह ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ के पवित्र ‘दैव’ (भूत कोला परंपरा) का मंच पर मजाक उड़ाया था। इतना ही नहीं उन्होंने अनजाने में इस पूजनीय दैव को ‘भूत’ या ‘महिला भूत’ कहकर संबोधित कर दिया था, जिससे कर्नाटक के तुलु भाषी समुदाय और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएँ आहत हो गईं।
इस हरकत के खिलाफ एडवोकेट प्रशांत मेथल ने बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। कानूनी शिकंजा कसता देख रणवीर सिंह ने कोर्ट में संशोधित हलफनामा दायर किया और सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी माँगी। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि अभिनेताओं का समाज पर गहरा प्रभाव होता है, इसलिए उन्हें अपनी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
रणवीर सिंह ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा, “मेरा इरादा केवल फिल्म में ऋषभ के अविश्वसनीय अभिनय को उजागर करना था। एक कलाकार होने के नाते मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि उस खास दृश्य को उस तरह से निभाने में कितनी मेहनत लगती है, जिसके लिए मेरे मन में उनके प्रति अत्यंत प्रशंसा और सम्मान है।”
अभिनेता ने आगे अपने बयान में कहा, “मेरा उद्देश्य कभी भी किसी संस्कृति, परंपरा या आस्था का अनादर करना नहीं था। मैं अपने देश की हर संस्कृति और धार्मिक विश्वास का हमेशा दिल से सम्मान करता आया हूँ। अगर मेरी किसी भी हरकत से किसी की भावनाओं को ठेस पहुँची है, तो मैं इसके लिए ईमानदारी से और बिना शर्त माफी माँगता हूँ।”
बता दें कि रणवीर सिंह इन दिनों अपनी व्यावसायिक सफलताओं से ज्यादा अपनी निजी और कानूनी मुश्किलों को लेकर चर्चा में हैं। एक तरफ जहाँ उनकी हालिया फिल्मों ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 3000 करोड़ रुपए से अधिक की छप्परफाड़ कमाई की है, वहीं दूसरी तरफ वे लगातार नए विवादों में घिरते जा रहे हैं। फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक बाहर होने के बाद फिल्म संस्था फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने उन पर प्रतिबंध लगा दिया है।

