आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में अगस्त 2024 में हुई जूनियर डॉक्टर की बलात्कार और हत्या की पीड़िता की माँ ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। गुरुवार (19 मार्च 2026) को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने इस फैसले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया है बल्कि उन्होंने पहले से ही सोच विचार कर यह निर्णय लिया है।
पीड़ित की माँ ने कहा, “मैंने केवल यही तय किया है कि मैं भाजपा उम्मीदवार के रूप में इस चुनाव में हिस्सा लेना चाहती हूँ। यह फैसला आखिरी समय में नहीं लिया गया।” उन्होंने आगे कहा, “हमें पहले ही इसके बारे में बताया गया था, लेकिन मैं इसके लिए तैयार नहीं थी। अब मुझे एहसास हुआ कि यहाँ महिलाओं की सुरक्षा और सुरक्षा तथा लोगों की भलाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है।”
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “मैं टीएमसी को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा में शामिल हुई हूँ।” पीड़िता की माँ ने कहा कि राज्य में महिलाओं की स्थिति और भ्रष्टाचार के कारण वे राजनीति में आने का फैसला किया है।
बता दें कि अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक जूनियर डॉक्टर का बलात्कार कर हत्या कर दी गई थी। आरोपित संजय रॉय को बाद में बलात्कार और हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ परिवार की तरफ से इस मामले में न्याय की माँग लंबे समय से की जा रही थी।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 23 और 28 अप्रैल 2026 को होने वाले हैं। अब माँ का राजनीति में कदम राज्य की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है।

